Bihar Crime: गोलियों की बौछार से दहला बेगूसराय, बस स्टैंड पर बाइक सवार बदमाशों ने मचाई दहशत, 3 जख्मी
Bihar Crime: बेगूसराय में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ...
Bihar Crime: बेगूसराय में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास बुधवार की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। अचानक हुई गोलीबारी में तीन लोग जख्मी हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को आनन-फानन में निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान, अर्जुन शाह और एक ऑटो चालक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन शाह सुबह बस स्टैंड के समीप अपनी फल की दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान मनोज पासवान भी वहां मौजूद थे। तभी बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज से बस स्टैंड के आसपास भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की शिनाख्त में जुटी है।
फिलहाल गोलीबारी की वजह साफ नहीं हुई है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी अदावत और आपराधिक रंजिश समेत तमाम बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। व्यस्त बस स्टैंड इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री