रिश्तों का कत्ल! आपसी विवाद में छोटे साढ़ू की हत्या, परिजनों ने डायल 112 भूमिका पर उठाए सवाल

मृतक के पिता अमरेश चौधरी का आरोप है कि बीते 9 नवंबर को दिन के करीब दो बजे उनके बेटे के साथ घर में ही कई लोगों ने मिलकर मारपीट की थी।

Begusarai Crime News- फोटो : news4nation

Bihar News :  रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना बेगूसराय से सामने आई है। यहां आपसी विवाद में छोटे साढ़ू की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसमें गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं मृतक के परिजनों ने अपने ही रिश्तेदार बड़े साढ़ू समेत कई लोगों पर सामूहिक रूप से मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, घटना के बाद पहुंची पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 की कार्यशैली पर भी परिजनों ने सवाल खड़े किए हैं।


पूरा मामला बखरी अनुमंडल के परिहारा थाना क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-9 का है। मृतक की पहचान अभय कुमार उर्फ विशाल चौधरी (26 वर्ष) के रूप में की गई है। मृतक के पिता अमरेश चौधरी का आरोप है कि बीते 9 नवंबर को दिन के करीब दो बजे उनके बेटे के साथ घर में ही कई लोगों ने मिलकर मारपीट की थी। उन्होंने अपने बड़े साढ़ू प्रवीण चौधरी, उनके दोनों पुत्र, प्रत्यूष कुमार, भुल्लर कुमार, प्रवीण चौधरी की पत्नी, जितेंद्र चौधरी समेत अन्य लोगों को इस घटना में शामिल बताया है।


पिता के मुताबिक, मारपीट में अभय को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि अभय स्वस्थ होकर घर लौटेगा, लेकिन 12 नवंबर की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश, दो घंटे तक सड़क जाम

अभय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, शव परिहारा पहुंचते ही स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने परिहारा-बखरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर बखरी डीएसपी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।


 आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा

बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि मृतक के पिता अमरेश चौधरी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवेदन में 9 नवंबर को मारपीट किए जाने और इलाज के दौरान युवक की मौत होने की बात कही गई है। नामजद एवं अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।


112 पुलिस की भूमिका पर सवाल

इस पूरे मामले में एक और गंभीर सवाल पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 की भूमिका को लेकर खड़ा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में भी शिकायत मिली है। मामले की अलग से जांच कराई जाएगी और यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट