बेगूसराय में अंधाधुंध फायरिंग, 2 किशोरों को स्कूल के सामने गोलियों से भूना, हथियार लहराते बदमाश फरार

घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बरौनी नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 24 में निपनियां मध्य विद्यालय के समीप की है। यहाँ दो किशोर लडकों को गोली मार दी गई जिसमे एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

Begusarai Double Shooting- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो किशोरों को अपना निशाना बनाया। इस गोलीबारी में एक किशोर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा किशोर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है।


पूरी घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बरौनी नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 24 में निपनियां मध्य विद्यालय के समीप की है। शुक्रवार को अचानक हुई इस गोलीबारी ने इलाके के लोगों को दहला दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बेगूसराय के एसपी मनीष और तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।


स्कूल के पास खड़े थे दोनों किशोर, अचानक बरसने लगीं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को निपनियां मध्य विद्यालय के पास उस समय दहशत फैल गई, जब हथियारों से लैस अपराधियों ने अचानक दोनों किशोरों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर स्कूल के समीप खड़े थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगते ही दोनों किशोर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए और फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।


एक की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा

इस गोलीबारी में निपनियां मधुरापुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 निवासी अमित कुमार सिंह के करीब 17 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तेघड़ा थाना क्षेत्र के बरौनी एक पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी अरविंद सिंह के करीब 17 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों किशोरों को बरौनी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आदित्य कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सतीश कुमार का इलाज जारी है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।


एसपी और डीएसपी ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, फुलवड़िया थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, 112 हेल्प डेस्क के पुलिस अधिकारी रमेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम घटनास्थल पर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।


आखिर दो किशोरों को क्यों बनाया निशाना?

इस सनसनीखेज वारदात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अपराधियों ने दो किशोरों को निशाना क्यों बनाया? क्या इसके पीछे आपसी रंजिश है या फिर कोई दूसरी वजह? अपराधियों ने किस मकसद से स्कूल के समीप इस खूनी वारदात को अंजाम दिया? इन सवालों का जवाब अभी सामने आना बाकी है। 

अजय शास्त्री की रिपोर्ट