Bihar Crime: नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, गांजा के साथ खूंखार अपराधी गिरफ्तार

Bihar Crime: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।...

गांजा तस्करी का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Begusarai: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लोहियानगर थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान रविंद्र महतो, पिता गणेश महतो, मूल निवासी पोखरिया और वर्तमान निवासी लोहियानगर वार्ड संख्या-28 के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की देर रात थानाध्यक्ष विकास कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड संख्या-28 स्थित एक घर में गांजा का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल छापेमारी की रणनीति तैयार की।

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, घर से मिला गांजा

इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में थानाध्यक्ष विकास कुमार के निर्देशन में अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए ठिकाने पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस को अचानक घर के पास देखकर रविंद्र महतो भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।इसके बाद नियमानुसार घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचने का धंधा करता था।

हत्या समेत चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज

इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रविंद्र महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या समेत करीब चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ गांजा कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की तलाश

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से खरीदकर लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। इसके अलावा नशे के इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद शहर में नशे के कारोबार और उसके नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बेचने वाले इस धंधे के पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क काम कर रहा है? क्या इस कारोबार में अन्य तस्करों की भी संलिप्तता है?फिलहाल लोहियानगर थाना पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े दूसरे चेहरों के भी बेनकाब होने की संभावना है।

 रिपोर्ट- अजय कुमार शास्त्री