राजद नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग,बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली,हालत गंभीर, इलाके में तनाव
Bihar Crime: बाइक सवार बदमाशों ने राजद नेता को गोली मार दी।......
Bihar Crime: बेगूसराय में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक फल मंडी में देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने राजद नेता और पूर्व जिला पार्षद मोहम्मद सिकंदर अली को गोली मार दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद सिकंदर अली फल मंडी इलाके में मौजूद थे, तभी बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और मौका पाकर उन पर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल नेता को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोलीकांड के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान के लिए सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हाल जाना। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मोहम्मद सिकंदर अली वर्तमान में बरौनी नगर परिषद के राजद अध्यक्ष हैं और इससे पहले वे जिला पार्षद भी रह चुके हैं। राजनीतिक पहचान रखने वाले नेता पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है।इस वारदात ने एक बार फिर बेगूसराय में बढ़ते अपराध और बदमाशों के बढ़ते मनोबल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर इस गोलीकांड के पीछे छिपे असली कारणों का खुलासा किया जाए।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री