Bihar Crime News: ASI दूल्हे की शादी की तैयारियों पर बदमाशों का ग्रहण! लड़की के पिता से 5 लाख रुपये लूटे

Bihar Crime News: बेगूसराय में बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले गए पांच लाख रुपये बाइक सवार बदमाशों ने लूटे। जमुई में तैनात ASI से तय है शादी, CCTV के आधार पर पुलिस की छापेमारी।

दुल्हन की डोली पर लगा ग्रहण- फोटो : X

Bihar Crime News: बेटी की शादी के अरमान थे, घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं और पिता बड़े जतन से एक-एक सामान जुटाने में लगे थे। लेकिन शादी की रस्मों के लिए बैंक से निकाले गए पांच लाख रुपये बाइक सवार दो शातिर बदमाश लूटकर फरार हो गए। इस वारदात ने न सिर्फ लड़की के परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया, बल्कि पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि बेटी की शादी जमुई में तैनात बिहार पुलिस के एक ASI से तय हुई है। अब बेगूसराय पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

पूरा मामला बेगूसराय के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ओवरब्रिज डाउन टर्न के समीप का है। जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता रमेश कुमार सिंह उर्फ पीयूष अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए शहर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पांच लाख रुपये की नकद निकासी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ में रखा रुपयों से भरा बैग झपट लिया और तेजी से फरार हो गए।अचानक हुई इस वारदात से रमेश कुमार सिंह सकते में आ गए। उन्होंने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों अपराधी भागने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने लोहियानगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

29 नवंबर को सगुन, 2 दिसंबर को शादी की तैयारी

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि लूटी गई रकम बेटी की शादी की तैयारियों के लिए निकाली गई थी। रमेश कुमार सिंह मूल रूप से बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के रहने वाले हैं। बच्चों की पढ़ाई और व्यवसाय के सिलसिले में वह कई वर्षों से परिवार के साथ शहर में रह रहे हैं। उनकी तीन संतानें हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।

उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी जमुई जिले के फतेहपुर में कार्यरत बिहार पुलिस के 2024 बैच के एएसआई शिव पूजन सिंह से तय की है। परिवार में शादी को लेकर काफी उत्साह था। लड़की की मां रंजू सिंह के मुताबिक, 29 नवंबर को बेटी का सगुन और 2 दिसंबर को शादी का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके लिए परिवार ने बड़े अरमानों के साथ तैयारियां शुरू कर दी थीं। बैंक से निकाले गए पांच लाख रुपये से शादी की रस्मों और जरूरी खरीदारी की जानी थी।

लूट के बाद परिवार में छाई मायूसी

रमेश कुमार सिंह ने अपने बच्चों की परवरिश काफी मेहनत और संघर्ष से की है। छोटे-मोटे व्यवसाय के जरिए परिवार की जरूरतें पूरी करते हुए उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने संजोए। बड़ी बेटी की शादी पुलिस विभाग में कार्यरत युवक से तय होने के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन इस लूटकांड ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।परिजनों ने घटना की जानकारी जमुई में तैनात होने वाले दूल्हे और उनके परिवार को भी दी है। फिलहाल परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती शादी की तैयारियों को समय पर पूरा करने की है। जिस घर में मंगलगीत और उत्सव की तैयारियां होनी थीं, वहां अब चिंता और मायूसी का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश

वारदात के बाद बेगूसराय पुलिस पर जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने का दबाव है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान करने और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने में जुटी है। पुलिस की कोशिश है कि शादी की खुशियों के बीच परिवार को न्याय मिले और लूटी गई रकम बरामद की जा सके।अब देखना होगा कि बेगूसराय पुलिस कब तक दोनों शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद कर पाती है। फिलहाल एक पिता की वर्षों की मेहनत और बेटी की शादी के अरमान पांच लाख रुपये की इस लूट के बाद संकट में पड़ गए हैं।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री