Bihar Crime News:बेखौफ चोरों का आतंक, कीमती सामान के साथ गाय बेचकर रखे 3 लाख रुपये भी ले उड़े, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

Bihar Crime News: चोरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि मोहल्ले के लोग अब अपने ही घरों में महफूज महसूस नहीं कर रहे हैं।

बेखौफ चोरों का आतंक- फोटो : reporter

Bihar Crime News: बेगूसराय के विष्णुपुर ब्राह्मण टोला में चोरों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि मोहल्ले के लोग अब अपने ही घरों में महफूज महसूस नहीं कर रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 39 में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा घटना में चोरों ने जीतन कुमार मिश्रा के घर को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये नकद और कीमती घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोरी की रकम में गाय बेचकर रखे गए पैसे भी शामिल थे।

पीड़ित जीतन कुमार मिश्रा पुरोहित का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वारदात से महज दो दिन पहले अपनी गाय बेची थी और उससे मिली रकम घर में रखी नकदी में शामिल थी। चोर घर में रखे बर्तन, कपड़े और दूसरे कीमती सामान भी उठा ले गए। घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट के साथ सुरक्षा की चिंता भी गहरा गई है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू संदिग्ध की दोबारा इलाके में मौजूदगी का आरोप है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पांच नवंबर को ग्रामीणों ने चोरी के शक में एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। आरोप है कि अगले दिन उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद 23 नवंबर की रात वही संदिग्ध फिर मोहल्ले में दिखाई दिया। बताया जाता है कि वह एक मकान की छत पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

अब मोहल्ले के लोगों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट रहा है। ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान, चोरों की गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी और रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लगातार वारदातों के बीच लोगों का सवाल है कि आखिर उनके घरों की हिफाजत कौन करेगा?

रिपोर्ट- अजय शास्त्री