Bihar Bureaucracy: बिहार में अफसरशाही बेलगाम! जनप्रतिनिधियों के सम्मान के लिए 14 साल में 5 बार फरमान क्यों?
Bihar Bureaucracy: बिहार में आखिर किसकी चलती है-जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों की या सरकारी कुर्सियों पर बैठे अफसरों की? ...
Bihar Bureaucracy: बिहार में आखिर किसकी चलती है-जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों की या सरकारी कुर्सियों पर बैठे अफसरों की? यह सवाल एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह है मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का ताजा फरमान। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी है कि सरकारी कार्यक्रमों में सांसद, विधायक और विधान पार्षद को बुलाना होगा। उद्घाटन-शिलापट्ट पर जनप्रतिनिधियों का नाम दर्ज होगा और उनके बैठने के लिए सम्मानजनक इंतजाम भी करना होगा। विकास योजनाओं का उद्घाटन अब अधिकारी नहीं करेंगे। लेकिन सवाल है कि लोकतंत्र में चुने हुए प्रतिनिधियों को उनका हक दिलाने के लिए बार-बार सरकारी चिट्ठी की जरूरत क्यों पड़ती है?
2012 से 2026 के बीच पांच बार ऐसे निर्देश जारी हो चुके हैं। फिर भी अफसरशाही की अकड़ कम क्यों नहीं हो रही?
ताजा मामला खगड़िया का है। श्री गौशाला समिति के 138वें वार्षिक समारोह की अतिथि सूची में अधिकारियों के नाम तो थे, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जगह नहीं मिली। सांसद राजेश वर्मा ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताते हुए अफसरशाही पर निशाना साधा। उनका सवाल था कि क्या जनता के प्रतिनिधियों की भूमिका अब सिर्फ दर्शक दीर्घा में बैठकर तालियां बजाने तक सिमट गई है?
यह पहला मामला नहीं है। पांच अप्रैल 2026 को पश्चिम चंपारण में विधायक विनय बिहारी को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वागत के दौरान हवाई अड्डे पर सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया था। चार बार के विधायक ने इसे जनप्रतिनिधि का अपमान बताया।
17 जुलाई को विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। अगस्त में निर्देश आया कि फोन नहीं उठाने पर अधिकारी वापस कॉल करें और पत्रों पर कार्रवाई की जानकारी दें।
अब 17 नवंबर को मुख्य सचिव ने फिर आदेश जारी किया है। इससे पहले भी विनम्र व्यवहार और शिष्टाचार की नसीहत दी जा चुकी है। सवाल साफ है क्या बिहार में लोकतांत्रिक व्यवस्था चलेगी या अफसरशाही का रुतबा ही सर्वोपरि रहेगा?