Bihar Crime: ऑर्केस्ट्रा के नाम पर गंदा खेल बेनकाब, 8 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू, 4 संचालक गिरफ्तार

Bihar Crime: ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे संदिग्ध खेल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है।

ऑर्केस्ट्रा के नाम पर गंदा खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: पश्चिम चम्पारण के गौनाहा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज़ खुलासा हुआ है, जहां ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे संदिग्ध खेल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है। मठ मंझरिया चौक पर की गई इस छापेमारी ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

यह कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और कमजोर वर्ग के लिए तैनात उच्च पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम नया सवेरा 2.0 के तहत की गई। कई थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें चार ऑर्केस्ट्रा संचालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रेस्क्यू की गई सभी लड़कियों की उम्र का सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सभी के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला और भी संगीन हो गया है।

पुलिस के मुताबिक, ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के नाम पर इन लड़कियों से काम लिया जा रहा था, जिसकी आड़ में मानव तस्करी और बाल शोषण जैसी गंभीर आशंकाएं सामने आ रही हैं। गिरफ्तार संचालकों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक छापेमारी नहीं, बल्कि मानव तस्करी, बाल श्रम और रेड लाइट एरिया से जुड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम है। रेस्क्यू की गई लड़कियों के पुनर्वास के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतर भविष्य मिल सके।

इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि प्रशासन अब ऐसे अवैध और अमानवीय धंधों पर सख्ती से नकेल कसने के मूड में है। चम्पारण में हुई यह रेड एक बड़ा संदेश है अब मासूमों के हक से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार