Bihar Crime: कूड़े के ढेर में मिली मासूम की लाश, हत्या की आशंका, इंसाफ के लिए सड़क पर उतरे लोग

Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।...

कूड़े के ढेर में मिली मासूम की लाश- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।भागलपुर के  नाथनगर थाना क्षेत्र के ललमटिया इलाके में स्थित श्री चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के पास नगर निगम के कूड़ा ठेले में 10 वर्षीय मासूम का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान मोहम्मद इजहार के बेटे मोहम्मद शमीर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जब सफाईकर्मी कूड़ा उठाने पहुंचे, तो उनकी नजर ठेले में पड़े मासूम के निर्जीव शरीर पर पड़ी। यह मंजर इतना भयावह था कि देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

परिजनों ने इस घटना को साजिशन हत्या करार देते हुए आरोप लगाया है कि अज्ञात अपराधियों ने बच्चे की बेरहमी से हत्या कर सबूत मिटाने के इरादे से शव को कूड़े में फेंक दिया। गम और ग़ुस्से से भरे लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। कई थानों की फोर्स, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि हर एंगल से जांच की जा रही है, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जल्द खुलासे का दावा किया है, लेकिन इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और खौफ का माहौल है। लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सशंकित हैं।

यह घटना कई बड़े सवाल खड़े करती है क्या शहर में अब बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं? आखिर कौन है वह दरिंदा जिसने इस मासूम की जिंदगी छीन ली? फिलहाल, जांच जारी है, लेकिन एक बात साफ है इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब हर आंख इंसाफ का इंतजार कर रही है।

रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप