Patna ATM Fraud: पटना में ATM ठगी गिरोह का भंडाफोड़! कार्ड फंसाकर लोगों के खाते करते थे खाली, 5 आरोपी गिरफ्तार
Patna ATM Fraud: पटना में ATM कार्ड फंसाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गर्दनीबाग मामले की जांच में 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने एटीएम स्वाइप मशीन, मोबाइल फोन और कई अन्य सामान बरामद किए हैं।
Patna ATM Fraud: पटना में पिछले कुछ समय से एटीएम मशीनों के पास लोगों से ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। अपराधी एटीएम से पैसे निकालने आए लोगों का कार्ड मशीन में फंसा देते थे और फिर सुनियोजित तरीके से एटीएम के पास लिखे एक मोबाइल नंबर पर कॉल करवाकर उनसे ठगी करते थे। इस संबंध में पुलिस को कई शिकायतें मिली थीं।
इसी क्रम में 16 नवंबर 2025 को गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एटीएम मशीन में उसका कार्ड फंस गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से अनधिकृत रूप से 1 लाख 10 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।
कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस ठगी गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई आपत्तिजनक और उपयोगी सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने क्या कुछ किया बरामद?
बरामद सामान में एक एटीएम स्वाइप मशीन, एक पेचकस, एक छुरी, सात एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो मोबाइल बैटरी, पांच स्मार्टफोन, एक आईफोन, दो कीपैड मोबाइल, एक फिंगरप्रिंट स्कैनर, जमीन से जुड़े दस्तावेज, एक चार पहिया वाहन और एक दो पहिया वाहन शामिल हैं।
सुनियोजित तरीके से लोगों को बनाया निशाना
पुलिस का मानना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को निशाना बनाकर एटीएम कार्ड फंसाता था और फिर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट