Bihar Crime: करोड़ों के नशीले पदार्थ के साथ छह तस्कर गिरफ्तार, छापेमारी से मचा हड़कंप

Bihar Crime:मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।...

करोड़ों का नशीले पदार्थ बरामद - फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकदी, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। मामले का खुलासा जगदीशपुर के डीएसपी राहुल कुमार ने शाहपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

डीएसपी ने बताया कि भोजपुर एसपी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, भंडारण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को शाहपुर नगर क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े मादक पदार्थ गिरोह के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई में शाहपुर के सीओ सह दंडाधिकारी आनंद प्रकाश भी शामिल रहे।

पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 315 ग्राम प्रथम दृष्टया हीरोइन जैसा दिखने वाला पदार्थ और 164 ग्राम ऐसा पदार्थ बरामद किया, जो हीरोइन से मिलता-जुलता बताया गया है। इसके अलावा 3 किलो 700 ग्राम गांजा, 19,200 रुपये नकद, चार स्मार्टफोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस ने मौके से दो वेइंग मशीन और एक मिक्सर भी बरामद किया है। इन सामानों की बरामदगी के आधार पर पुलिस को आशंका है कि गिरोह मादक पदार्थों की तौल, मिश्रण और पैकिंग का काम भी करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित मास्टरमाइंड की भूमिका की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार, दरोगा यादव, भीम कुमार, रोहित कुमार, उमेश यादव और राकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है और पूछताछ के जरिए तस्करी के नेटवर्क के अन्य कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद पदार्थों की वास्तविक प्रकृति और मात्रा की पुष्टि जांच के बाद होगी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी राहुल कुमार ने आम लोगों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शाहपुर क्षेत्र में सक्रिय कथित नशा तस्करों के बीच हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार