बिहार का कुख्यात भोला सिंह सूरत में गिरफ्तार, सीबीआई ने दबोचा, हत्या-अपहरण सहित कई मामलों में आरोपी
बिहार में हत्या, अपहरण, अवैध हथियार रखने सहित कई मामलों में वांछित कुख्यात भोला सिंह को सीबीआई ने कोलकाता अपहरण कांड में सूरत से गिरफ्तार किया है.
Bhola Singh : बिहार पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहे भोला सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। 11 साल पहले कोलकाता के दो लोगों के अपहरण में कथित रूप से शामिल भगोड़े भोला सिंह को सोमवार 13 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है। CBI ने एक बयान में कहा, “आरोपी भोला सिंह 2015 में जांच शुरू होने के बाद से ही फरार था और अमित शर्मा के नाम से नकली पहचान के कागज़ात का इस्तेमाल करके सूरत में छिपा हुआ था। ठिकाने की पहचान के आधार पर, आरोपी भोला सिंह को CBI ने एक सुनियोजित ऑपरेशन के बाद सूरत में उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है।”
कोलकाता का यह चर्चित अपहरण मामला करीब 11 साल पुराना है। गुजरात के सूरत से गिरफ्ता आरोपी की पहचान भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि यह मामला दो कोलकाता निवासियों के अपहरण से जुड़ा है जो 14 जुलाई 2014 को लापता हो गए थे। यह मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा सीबीआई को उन युवकों की माताओं की याचिका पर सौंपा गया था, जो 14 जुलाई, 2014 को लापता हो गए थे। सीबीआई को लंबे इंतजार के बाद भोला सिंह को अब गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
पटना के पंडारख का निवासी
सीबीआई के अनुसार, इस मामले के अलावा आरोपी भोला सिंह बिहार पुलिस द्वारा दर्ज किए गए 11 अन्य मामलों में भी वांछित अपराधी है। ये मामले अपहरण, हत्या के प्रयास, हत्या और अवैध हथियार एवं विस्फोटक रखने से संबंधित हैं। सूत्रों के अनुसार भोला सिंह मूल रूप से बिहार के पटना जिले के पंडारख का रहने वाला है। उस पर बिहार पुलिस ने पहले से ही इनाम घोषित कर रखा है। इतना ही नहीं पटना के शास्त्रीनगर में एक चर्चित हत्याकांड के मामले में अंतिम बार पटना पुलिस ने उसे वर्ष 2012 में वाराणसी से गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद वह पुलिस के हाथ नहीं आया। वर्ष 2022 में पुलिस ने भोला के पंडाराख स्थित पैतृक आवास पर कुर्की जब्ती की थी। इतना ही भोला सिंह की पुरानी अदावत मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह से ही रही है। हालांकि हाल के समय में दोनों की बीच किसी प्रकार की तकरार नहीं हुई है।
नाम बदलकर छिपा था
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी भोला सिंह ने पश्चिम बंगाल में अपहरण की कथित साजिश रची थी और इसके बाद वह गुजरात चला गया था। वहां वह पिछले लगभग 11 वर्षों से ‘अमित शर्मा’ के नाम से फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था। सीबीआई के दलों ने गुप्त सूचना के आधार पर सूरत में भोला सिंह के ठिकाने पर छापा मारा, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कोलकाता में होगी पूछताछ
CBI ने भोला सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसे सूरत की स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर कोलकाता ले जाने की प्रक्रिया शुरू हुई।
रविशंकर की रिपोर्ट