Bihar Crime: बिहार में दिवाली की रात खून की होली! तीन जिलों में सनसनीखेज वारदात, त्योहार की खुशियां मातम में तब्दील

Bihar Crime: बिहार में दिवाली का त्योहार जहां रोशनी, खुशियों और भाईचारे का पैगाम लेकर आया, वहीं अपराधियों ने कई परिवारों के घरों में मातम पसार दिया। ...

दिवाली की रात खून की होली! - फोटो : X

Bihar Crime: बिहार में दिवाली का त्योहार जहां रोशनी, खुशियों और भाईचारे का पैगाम लेकर आया, वहीं अपराधियों ने कई परिवारों के घरों में मातम पसार दिया। दीपों के पर्व पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुई संगीन वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरभंगा में एक शख्स की मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी गई, बक्सर में युवक का सिर कुचलने के साथ उसके हाथ-पैर काट डाले गए। वहीं भोजपुर के बिहिया में स्कॉर्पियो से कई लोगों को कुचलने की घटना सामने आई है। इन वारदातों से इलाके में दहशत और लोगों में जबरदस्त आक्रोश है

दरभंगा: घर में घुसकर मुंह में मारी गोली, पड़ोसी गिरफ्तार

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में रविवार की शाम करीब सात बजे आपसी रंजिश में खूनी वारदात हुई। यहां 54 वर्षीय काशी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक राम लखन ठाकुर के पुत्र थे। हत्या का आरोप उनके 50 वर्षीय चचेरे भाई कुमुद ठाकुर उर्फ कुमोद ठाकुर पर लगा है।

बताया जाता है कि काशी ठाकुर अपने घर में बैठे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुमोद ठाकुर ने काशी ठाकुर के मुंह में गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा। इसी दौरान सीमावर्ती बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसकी बाइक से एक व्यक्ति को ठोकर लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके पास से देसी पिस्तौल, शराब की बोतल और अन्य सामान बरामद किया है। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।

बक्सर: सिर कुचला, हाथ-पैर काटे, क्षत-विक्षत मिला शव

दूसरी सनसनीखेज वारदात बक्सर जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र के कोइरटोला गांव के समीप हुई। रविवार की आधी रात अपराधियों ने 35 वर्षीय सुखारी सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रास्ते पर उनका क्षत-विक्षत शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान स्वर्गीय जनार्दन सिंह के पुत्र सुखारी सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर उनका सिर कुचल दिया और हाथ-पैर काट डाले। बताया जा रहा है कि उनके बाएं पैर का कटा हुआ हिस्सा घटनास्थल से गायब था।इस खौफनाक वारदात की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बासुदेवा में एनएच-120 जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

भोजपुर: छठ गीत को लेकर विवाद, स्कॉर्पियो से कई लोगों को कुचला

तीसरी वारदात भोजपुर जिले के बिहिया की बताई जा रही है। यहां दिवाली की रात स्कॉर्पियो सवार एक युवक पर करीब 9 लोगों को गाड़ी से कुचलने का आरोप लगा है। इस घटना में दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।बताया जा रहा है कि छठ गीत बजाने को लेकर दिवाली की रात विवाद हुआ था। इसी कहासुनी के बाद स्कॉर्पियो सवार युवक ने कथित तौर पर लोगों को गाड़ी से रौंद दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

त्योहार की खुशियां मातम में तब्दील

दिवाली जैसे पावन पर्व पर दरभंगा, बक्सर और भोजपुर में हुई इन वारदातों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। कहीं पारिवारिक रंजिश ने एक जान ले ली, तो कहीं बेरहमी से की गई हत्या ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। भोजपुर की घटना ने भी लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है।

अब इन तीनों मामलों में पुलिस की जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और घटनाओं की असल वजह सामने आने का इंतजार है। त्योहार के दिन हुई इन संगीन वारदातों ने बिहार में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।