Bihar Crime: दीपावली की रात खूनी वारदात, पति ने पत्नी को मारी गोली, अपराधी फरार
Bihar Crime: राजपूत कॉलोनी में गोलियों की गूंज ने पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।..
Bihar Crime: वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दीपावली की रात जब पूरा शहर दीये की रोशनी, आतिशबाजी और खुशियों के जश्न में डूबा हुआ था, उसी वक्त हाजीपुर की राजपूत कॉलोनी में गोलियों की गूंज ने पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल पैदा कर दिया। औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक पति पर अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का संगीन इल्जाम लगा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान राकेश चौहान के रूप में हुई है। आरोप है कि दीपावली की रात उसने अपनी पत्नी के सिर में पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, वारदात के दौरान घर में क्या हुआ और हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसकी पूरी तफसील अभी सामने नहीं आई है।
जिस घर में दीपावली के मौके पर खुशियों के दीये जलने थे, वहां चंद पलों में मातम पसर गया। परिवार की खुशियां चीख-पुकार और गम में तब्दील हो गईं। वहीं, आसपास के लोगों के बीच भी इस खौफनाक वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। त्योहार की रात हुई इस हत्या ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संजीदगी को देखते हुए SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस टीम आरोपी राकेश चौहान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली? क्या दोनों के बीच लंबे वक्त से घरेलू कलह चल रही थी या फिर किसी अन्य विवाद ने इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया? क्या हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया गया? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की तफ्तीश के बाद ही मिल सकेगा।फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह, घटनाक्रम और वारदात से जुड़े अन्य राज सामने आने की उम्मीद है। दीपावली की रात हुई इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों के खौफनाक अंजाम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार