Bihar Vigilance Raid : दीपावली पर निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 5 लाख रिश्वत लेते इंजीनियर गिरफ्तार, खिड़की से फेंके रुपये

Bihar Vigilance Raid : दीपावली के दिन बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी में तैनात पथ निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रितेश चंद्र सिन्हा को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।...

निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन- फोटो : social Media

Bihar Vigilance Raid : दीपावली के दिन बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी में तैनात पथ निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रितेश चंद्र सिन्हा को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी पटना के आशियाना स्थित उनके फ्लैट से की गई। निगरानी टीम की छापेमारी के दौरान अभियंता ने पकड़े जाने के डर से रिश्वत की रकम खिड़की से नीचे फेंक दी। हालांकि, सतर्क टीम ने मैदान से रुपये बरामद कर लिए। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग की टीम अब आरोपी अभियंता की संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

19.50 लाख रुपये कमीशन की थी मांग

निगरानी विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, रोहतास जिले के डेहरी ऑन-सोन निवासी ठेकेदार अरुण कुमार सिंह ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार मधुबनी जिले में सड़क निर्माण की दो परियोजनाओं पर काम करा रहे थे। इन दोनों योजनाओं के तहत करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित था।आरोप है कि लंबित भुगतान जारी करने के एवज में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने तीन प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। इस हिसाब से कुल 19.50 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी। तत्काल पांच लाख रुपये एडवांस देने को कहा गया था।ठेकेदार की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

खिड़की से नीचे फेंक दिए रिश्वत के रुपये

रविवार को निगरानी विभाग की टीम ने पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट में छापेमारी की। टीम ने फ्लैट नंबर सी-303 में कार्रवाई करते हुए अभियंता को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया।बताया गया कि निगरानी टीम को सामने देखकर आरोपी अभियंता घबरा गए और उन्होंने रिश्वत की रकम फ्लैट की खिड़की से नीचे छोटे मैदान में फेंक दी। हालांकि, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने नीचे पहुंचकर पूरी रकम बरामद कर ली। इसके बाद अभियंता को हिरासत में ले लिया गया।

फ्लैट से कैश, गहने और निवेश के दस्तावेज बरामद

छापेमारी के दौरान निगरानी विभाग को बड़ी मात्रा में नकदी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। तलाशी में कुल 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण, शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात भी मिले हैं।टीम को आरोपी के सात बैंक खातों की जानकारी, जमीन और फ्लैट के दस्तावेज तथा लॉकर की चाबी भी हाथ लगी है। बरामद आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है।

आय से अधिक संपत्ति की भी होगी जांच

निगरानी विभाग अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि गिरफ्तार अभियंता ने भ्रष्टाचार के जरिए कितनी संपत्ति अर्जित की है। टीम उनके बैंक खातों, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।फिलहाल फ्लैट में तलाशी और जांच की कार्रवाई जारी है। दीपावली जैसे पर्व पर हुई इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। रिश्वत की रकम खिड़की से फेंकने के बावजूद टीम ने उसे बरामद कर लिया। इस कार्रवाई ने सरकारी विभागों में कमीशनखोरी के खिलाफ निगरानी विभाग की सख्ती का संदेश दिया है।