बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा में नकल गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार

शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परीक्षा में धांधली कराने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Bihar Home Guard Instructor Recruitment Exam- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा गृह रक्षक के  इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पटना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परीक्षा में धांधली कराने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 2 इलेक्ट्रॉनिक प्रिंटर बरामद किए गए हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय (शास्त्रीनगर) में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत आयोजित इंस्ट्रक्टर पद की भर्ती परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन के समय एक संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन और दो छोटे इलेक्ट्रॉनिक प्रिंटर बरामद हुए।


प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने परीक्षा केंद्र से जुड़े कथित बिचौलिये विवेक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर अन्य संदिग्ध परीक्षार्थियों की भी तलाशी ली गई, जिसके बाद कुल 10 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महेश कुमार, अमित कुमार, दीपक कुमार, पंकज कुमार, पियूष कुमार, नीरज कुमार, निलेश कुमार, रवीश कुमार, शिवेंद्र कुमार और काजल कुमारी शामिल हैं।


केस दर्ज, जांच जारी

इस मामले में शास्त्रीनगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकल गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा परीक्षा में धांधली किस स्तर तक की गई।


पटना पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इंस्ट्रक्टर पद की भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रंजीत की रिपोर्ट