Bihar Police Crime: बिहार पुलिस पर वसूली का आरोप, 300 रुपए के विवाद में दुकानदार को बेरहमी से पीटा, नकदी छीने जाने के बाद सड़क पर उतरे लोग

Bihar Police Crime: बिहार में वर्दी की हनक और रौब का ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कानून के रखवालों की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिहार पुलिस पर वसूली का आरोप- फोटो : reporter

Bihar Police Crime: बिहार में वर्दी की हनक और रौब का ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कानून के रखवालों की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोतिहारी रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मछली बाजार में एक पुलिसकर्मी पर दुकानदार से जबरन सस्ती मछली लेने और इंकार करने पर पिटाई करने का संगीन आरोप लगा है। पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जबकि कुछ लोगों ने मोबाइल से भी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है और पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।

बताया जा रहा है कि रामगढ़वा मछली बाजार में एक वर्दीधारी सिपाही मछली खरीदने पहुंचा। दुकानदार ने मछली की कीमत 600 रुपये बताई। आरोप है कि सिपाही ने वर्दी का रौब दिखाते हुए 300 रुपये में मछली देने का दबाव बनाया। दुकानदार ने साफ कह दिया कि आधे दाम में मछली देने से उसे घाटा होगा और वह ऐसा नहीं कर सकता। बस फिर क्या था रौब सातवें आसमान पर चढ़ गया।

आरोप है कि सिपाही ने वर्दी की हनक दिखाते हुए दुकानदार की सरेआम पिटाई शुरू कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि वर्दीधारी पुलिसकर्मी कुछ लोगों से हाथापाई करता नजर आ रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखाई देते हैं। बाजार में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मामला सड़क तक पहुंच गया।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कथित गुंडागर्दी के खिलाफ सड़क जाम कर दिया। जाम की वजह से आवागमन ठप हो गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद सड़क जाम हटाया गया। इसी बीच, पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई, जिसने मामले को और संगीन बना दिया।

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी की जमकर किरकिरी हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर कानून का रखवाला ही रंगदारी पर उतर आए, तो आम आदमी किसके दरवाजे पर इंसाफ की फरियाद लेकर जाए। हालांकि वायरल वीडियो की न्यूज़4नेशन पुष्टि नही करता है, लेकिन वीडियो ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

पीड़ित मछली विक्रेता की पहचान संजय साह के रूप में बताई जा रही है। मामले को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। अब देखना यह है कि वर्दी की इस कथित दबंगई पर कार्रवाई होती है या मामला फाइलों में दफन हो जाता है। फिलहाल, सवाल वही क्या कानून सबके लिए बराबर है, या बर्दी वालों के लिए अलग पैमाना?

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार