Bihar News: पटना सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, अधिकारियों में मचा हड़कंप, कोर्ट कैंपस को खाली करने का आदेश

Bihar News:राजधानी पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।...

पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर खतरे की घंटी बज गई है। राजधानी पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह सनसनीखेज धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसने अदालत परिसर को अचानक दहशत के साए में डाल दिया। जैसे ही धमकी की जानकारी मिली, प्रशासन ने बिना देर किए सिविल कोर्ट कैंपस को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया।

कोर्ट परिसर में मौजूद जज, वकील, कर्मचारी और फरियादी अफरा-तफरी के माहौल में बाहर निकले। कुछ देर के लिए न्याय की इमारत खामोश हो गई, लेकिन बाहर पुलिस की गहमागहमी तेज हो गई। खाकी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। प्रवेश और निकास द्वारों पर सख्ती बढ़ा दी गई और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जाने लगी।

सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में सिविल कोर्ट को उड़ाने की बात कही गई थी, जिसके बाद इसे हल्के में लेने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी गई। पुलिस और जिला प्रशासन ने इसे गंभीर खतरा मानते हुए तुरंत सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया और पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। हर कोने, हर कमरे और हर संदिग्ध जगह को खंगाला जा रहा है, ताकि किसी भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।

कोर्ट के आसपास के इलाके में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता, स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसकी मंशा का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी एक्टिव कर दिया गया है। पुलिस इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रही है कि यह महज अफवाह फैलाने की साजिश है या फिर किसी बड़ी वारदात की पूर्व सूचना।

इस धमकी ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों और वकीलों के बीच डर और बेचैनी साफ नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जब तक पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाते, सुरक्षा में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

रिपोर्ट- अनिल कुमार