खस्सी के नाम पर परोसा मुर्गा, निकाह के बाद भोज बना रणभूमि, खाने के विवाद में बाराती-शराती भिड़े, आधा दर्जन से ज्यादा घायल

Bihar Crime News: शादी के भोज में परोसे गए खाने को लेकर बाराती और शराती आमने-सामने आ गए। खुशियों और जश्न का माहौल देखते ही देखते हंगामे और मारपीट में तब्दील हो गया।..

खस्सी के नाम पर परोसा मुर्गा,- फोटो : reporter

Bihar Crime News: सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में एक निकाह समारोह उस वक्त विवाद के अखाड़े में बदल गया, जब शादी के भोज में परोसे गए खाने को लेकर बाराती और शराती आमने-सामने आ गए। खुशियों और जश्न का माहौल देखते ही देखते हंगामे और मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि ‘खस्सी’ यानी मटन खिलाने की बात कहकर भोज में ‘मुर्गा’ परोसा गया, जिसके बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए।

घटना सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के बलवापार वार्ड नंबर-12 से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, बलवापार निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री से तय हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे निकाह की रस्में शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुईं।

निकाह के बाद जब मेहमान दावत के लिए बैठे तो मामला बिगड़ गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि शादी के भोज में खस्सी का मांस देने की बात कही गई थी, लेकिन खाने की थाली में चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर बारातियों ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तू-तू, मैं-मैं के बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और लात-घूंसे के साथ लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक हुए इस बवाल से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई।

मारपीट की इस घटना में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए। घायलों में मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब समेत कई लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया है।

घायल मो. इरफान ने आरोप लगाया कि खाने के विवाद के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार के कई सदस्य चोटिल हो गए। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। निकाह के बाद हुए इस बवाल ने दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एक मामूली विवाद कैसे रिश्तों की खुशियों पर भारी पड़ गया, यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट- दिवाकर कुमार