Bihar Crime: बिहार में क्रिकेट का फाइनल बना खूनी खेल! मछली काटने वाले हथियार से ताबड़तोड़ वार, तीन युवक लहूलुहान

Bihar Crime: क्रिकेट का फाइनल मैच उस वक्त खूनी संग्राम में तब्दील हो गया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक शक्ल अख्तियार कर ली। ...

बिहार में क्रिकेट का फाइनल बना खूनी खेल!- फोटो : reporter

Bihar Crime: क्रिकेट का फाइनल मैच उस वक्त खूनी संग्राम में तब्दील हो गया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक शक्ल अख्तियार कर ली। मैदान में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी और हथियारबंद हमले में बदल गया। हालात ऐसे बेकाबू हुए कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत पाली की घटना है।

जानकारी के मुताबिक, मून स्टार क्रिकेट क्लब, पाली की ओर से आयोजित प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला तुमौल और बसौली गांव की टीमों के बीच खेला जा रहा था। इसी दौरान खिलाड़ियों और समर्थकों के बीच तकरार शुरू हुई। इल्जाम है कि गनौन पंचायत के एक जनप्रतिनिधि के पुत्र ने मच्छहट्टा में मछली बेच रहे शख्स से मछली काटने वाला धारदार हथियार छीन लिया और अंधाधुंध हमला बोल दिया।

इस खूनी वारदात में पाली निवासी आदित्य मिश्र , रसियारी निवासी दुर्गानंद झा  और महथवार निवासी रंजन मिश्र बुरी तरह जख्मी हो गए। तीनों को पहले घनश्यामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मच्छहट्टा इलाके में जमकर तोड़फोड़ की। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि एहतियातन पाली बाजार बंद कर दिया गया। पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए पुरस्कार वितरण समारोह रद्द कर दिया।

मौके की नजाकत को देखते हुए दरभंगा के डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी भारी पुलिस बल के साथ पाली पहुंचे। कई थानों की पुलिस को कैंप कराया गया। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर हालात पर काबू पाया।

एसडीपीओ ने बताया कि एक असामाजिक तत्व द्वारा धारदार हथियार से हमला किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। फिलहाल इलाके में सख्त निगरानी रखी जा रही है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है, मगर इलाके में तनाव अब भी कायम है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर