Bihar Crime: बिहार में दान भूमि पर डाका! न्यास की जमीन पर है माफिया की नजर, तालाब तक की हो रही अवैध प्लॉटिंग

Bihar Crime:बिहार में जमीन कारोबारियों का दुस्साहस चरम पर है। आरोप है कि धार्मिक न्यास की बहुमूल्य जमीन पर संगठित गिरोह ने कब्जा जमाकर अवैध प्लॉटिंग का खेल शुरू कर दिया है।

दान भूमि पर डाका!- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार में जमीन कारोबारियों का दुस्साहस चरम पर है। आरोप है कि धार्मिक न्यास की बहुमूल्य जमीन पर संगठित गिरोह ने कब्जा जमाकर अवैध प्लॉटिंग का खेल शुरू कर दिया है। मामला  दरभंगा के श्री राम जानकी मंदिर, रुहेलागंज न्यास समिति (नाका संख्या–1) की दान भूमि से जुड़ा है, जिसे स्वर्गीय फग्गूलाल जी ने धार्मिक और सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए अर्पित किया था। यह संपत्ति विधिक रूप से न्यास की है और इसकी खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है—फिर भी कथित तौर पर सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर कर सौदेबाजी जारी है।

शिकायत के मुताबिक, दरभंगा हवाईअड्डा से पश्चिम करहटिया जाने वाले मार्ग पर, गैस गोदाम से लगभग 50 मीटर पश्चिम मुख्य सड़क से सटी जमीन पर तालाब सहित हिस्सों की प्लॉटिंग की जा रही है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने गिरोह बनाकर आम लोगों को गुमराह किया, फर्जी कागजात तैयार किए और मोटी रकम वसूलने का सिलसिला शुरू कर दिया। इस कथित रैकेट में श्रवण यादव, नथुनी यादव, कमलेश यादव, छोटू यादव, सुनील यादव और शम्भु यादव समेत कई अन्य नाम सामने आए हैं।

समिति के सदस्यों का दावा है कि शिकायत के बावजूद प्रशासनिक तंत्र अपेक्षित सहयोग नहीं दे रहा। स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल बताया जा रहा है, जिससे वे खुलकर सामने आने से हिचक रहे हैं। मामले की लिखित शिकायत बिहार राज्य धार्मिक ट्रस्ट बोर्ड पटना को भेजी गई है, जिसमें निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

धार्मिक आस्था से जुड़ी दान भूमि पर कथित कब्जे और अवैध सौदेबाजी ने शहर में हलचल मचा दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या पवित्र न्यास संपत्ति भी अब भू-माफिया के शिकंजे से सुरक्षित नहीं? अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं क्या अवैध प्लॉटिंग का यह खेल रुकेगा और न्यास की जमीन को उसका वैधानिक हक वापस मिलेगा?

रिपोर्ट-वरुण कुमार ठाकुर