शराब पीने का विरोध करने पर किसान को मारी गोली, कुख्यात गौतम यादव पर फायरिंग का आरोप
बांका जिले में एक किसान को शराब पीने का विरोध करना महंगा पड़ गया। बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटना में घायल किसान को इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है......
Banka : जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जब गुरुवार को शाम ढलने से पहले बौंसी थाना क्षेत्र के भुरना पथ स्थित पनिया मोड़ के समीप हथियारबंद बदमाशों ने 45 वर्षीय किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली किसान के दाहिने हाथ में लगी और कई छर्रे हाथ में फंस गए। गनीमत रही कि गोली शरीर के संवेदनशील अंग में नहीं लगी, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। जख्मी की पहचान बाराहाट थाना क्षेत्र के पनिया गांव निवासी छंगूरी यादव के पुत्र प्रकाश यादव के रूप में हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।
शराब पीने का विरोध करने पर बढ़ा विवाद, देसी कट्टे से चलाई गोली
जख्मी प्रकाश यादव के अनुसार, वह अपने दामाद शेखर यादव (निवासी तेतरिया) के साथ बौंसी बाजार से खेत की फसल देखकर घर लौट रहे थे और पनिया मोड़ के पास नहर के समीप रुकने पर वहां कुछ लोगों को शराब पीते देखा। उन्होंने साथ चल रहे रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान तेतरिया निवासी गुल्ला यादव उर्फ किशन यादव के पुत्र गौतम यादव ने देसी कट्टे से गोली चला दी, जो दाहिने हाथ में जा लगी। जख्मी ने बताया कि गौतम यादव के साथ रंजन यादव सहित दो-तीन अन्य लोग भी मौजूद थे और मारपीट भी की गई।
स्वर्ण व्यवसायी लूट व हत्याकांड समेत कई मामलों में आरोपित रहा है गौतम यादव
नामजद आरोपित गौतम यादव को लेकर जख्मी पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह पूर्व में स्वर्ण व्यवसायी लूट एवं हत्याकांड सहित कई अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित रहा है और जेल भी जा चुका है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वह कुछ दिन पूर्व ही जमानत पर जेल से बाहर आया था, हालांकि आपराधिक इतिहास और इस घटना में उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
अस्पताल से घटनास्थल तक पहुंची पुलिस, एसडीपीओ ने संभाली कमान
गोलीबारी की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बौंसी थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, एसआई प्रमोद पासवान और शंभू सिंह सहित पुलिस बल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बौंसी पहुंचा। अधिकारियों ने घायल प्रकाश यादव व परिजनों से पूछताछ की और फिर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। अस्पताल में जख्मी की पुत्री राखी कुमारी ने तेतरिया गांव के अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई, जबकि भाई प्रदीप यादव व दिलीप यादव सहित अन्य परिजन भी वहां पहुंचे।
साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल जारी, जल्द कार्रवाई का दावा
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि गोलीबारी की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी बिंदुओं पर पड़ताल हो रही है तथा जल्द ही मामले का उद्भेदन कर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चन्द्रशेखर की रिपोर्ट