सिक्स लेन पुल के नीचे मिली लाश, नदी किनारे औंधे मुंह पड़ा था शव, इलाके में सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Bihar Crime: गया शहर में एक बार फिर रहस्यमयी मौत ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। ...

सिक्स लेन पुल के नीचे मिली लाश- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया शहर में एक बार फिर रहस्यमयी मौत ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर सिक्स लेन पुल के समीप नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बालू में औंधे मुंह पड़े शव को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मौत के हर पहलू की जांच कर रही है।

यह घटना गया शहर के मानपुर सिक्स लेन पुल के पास की है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।कोतवाली थाना के एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव औंधे मुंह बालू में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को सीधा कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। मृतक की उम्र लगभग 35 से 36 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके।

प्रारंभिक जांच में पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। एएसआई विपिन कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति नदी किनारे गिरा हुआ था, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसलिए पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। मौत दुर्घटना, बीमारी या किसी आपराधिक घटना का परिणाम है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान स्थापित की जा सके। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत के कारण को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार