गया में जमीन विवाद में राजद जिलाध्यक्ष के बेटा समेत दो गिरफ्तार, जमीन मापी के दौरान चली थी गोलियां
Bihar Crime: बोधगया में जमीन विवाद को लेकर हुए फायरिंग मामले में राजद के गया जिलाध्यक्ष मोहम्मद मुर्शीद आलम के पुत्र सहित दो को गिरफ्तार कर लिया है।
Bihar Crime: बोधगया में जमीन विवाद को लेकर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मापी के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। मामला मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा गांव स्थित सुपर ग्रिड के समीप का है। हालांकि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वारदात के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधरीटांड़ बाइपास के पास से राजद के गया जिलाध्यक्ष मोहम्मद मुर्शीद आलम के पुत्र मोहम्मद कामरान और संजय कुमार सिन्हा के पुत्र सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक चारपहिया गाड़ी भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, बारा गांव निवासी ज्ञानी यादव की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन की मापी के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि गोलियां किसी को नहीं लगीं, लेकिन फायरिंग से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सौरभ जायसवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कराई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं।
मगध विश्वविद्यालय थाना प्रभारी संदीप चौहान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इस घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जमीन विवाद में हुई इस गोलीबारी ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- मनोज कुमार