Bihar Crime: सड़क हादसे ने खोल दी शराब तस्करी की पोल, पेड़ से टकराई कार, पुलिस पहुंचने से पहले ग्रामीण उठा ले गए शराब की बोतलें
Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और तस्वीर गोपालगंज से सामने आई है।...
Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और तस्वीर गोपालगंज से सामने आई है। भोरे थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद शराब तस्करी का ऐसा मामला उजागर हुआ, जिसने पुलिस की कार्यशैली और शराबबंदी की हकीकत पर कई सवाल खड़े कर दिए। तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीण कार में रखी अंग्रेजी शराब की अधिकांश बोतलें उठाकर चलते बने।
घटना भोरे-कटेया मुख्य मार्ग की है, जहां शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद चालक और कार में सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर कार के भीतर रखी अंग्रेजी शराब की पेटियों पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस पहुंचने से पहले ही अधिकांश शराब की बोतलें लोग अपने साथ ले गए। जब तक भोरे थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक कार लगभग खाली हो चुकी थी।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने भेज दिया है। अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्करों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और उसकी सप्लाई किस स्थान पर होनी थी।
यह घटना एक बार फिर बिहार में शराब तस्करी के नेटवर्क और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। साथ ही हादसे के बाद शराब की बोतलें उठाकर ले जाने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा