Bihar Crime: NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव

Bihar Crime: NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

छात्रा की संदिग्ध मौत- फोटो : reporter

Bihar Crimeगोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा उजाला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के श्याम सिनेमा रोड स्थित किराए के कमरे में रविवार को छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरैया पहाड़ गांव निवासी रघुनाथ शर्मा की बेटी उजाला कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि उजाला गोपालगंज शहर में किराए का कमरा लेकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रविवार को कमरे में उसका शव मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस के साथ उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अब कमरे में मौजूद परिस्थितियों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह तलाश रही है।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा की मौत का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है, लेकिन पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

उजाला की अचानक मौत की खबर गांव और परिवार तक पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि उजाला तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। पढ़ाई के लिए शहर में रह रही छात्रा की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल से मिले साक्ष्यों और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा