Bihar Crime: केले के विवाद में खून की होली, वैशाली में भतीजे ने चाचा-चाची और चचेरे भाई पर किया हमला, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

Bihar Crime:केले के पेड़ और पुराने भूमि विवाद को लेकर भतीजे ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर चाचा, चाची और चचेरे भाई पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

रिश्ते हुए तार-तार- फोटो : reporter

Vaishali: जिले के सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। केले के पेड़ और पुराने भूमि विवाद को लेकर भतीजे ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर चाचा, चाची और चचेरे भाई पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में 55 वर्षीय आमोद राम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी इंदु देवी और पुत्र विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। इंदु देवी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद और केले के पेड़ काटने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि चंदन कुमार, उसके पिता महावीर राम और परिवार के अन्य सदस्यों ने तलवार, हसुली तथा अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आमोद राम को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पुत्री चंचल कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता और भाई पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। उसने बताया कि हमलावरों ने पूरे परिवार को घेरकर बेरहमी से काट डाला। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने दस भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और अपने पीछे तीन पुत्र तथा एक पुत्री छोड़ गए हैं।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने भूमि विवाद और केले के पेड़ को लेकर हुए झगड़े से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार