कसाई बना सगा भतीजा: चाचा की गर्दन पर चलाया हथियार, बीच-बचाव करने वाली चाची अस्पताल में लड़ रही जिंदगी की जंग

हाजीपुर में विवाद के बाद भतीजे मंजय ने सगे चाचा महताब लाल को मौत के घाट उतार दिया। बचाने पहुंची चाची पर भी जानलेवा हमला किया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

Vaishali - वैशाली जिले के बराटी थाना क्षेत्र स्थित बहुआरा गांव में रिश्तों का कत्ल कर देने वाली वारदात सामने आई है। पूर्व के किसी विवाद को लेकर मंजय कुमार नामक युवक ने अपने सगे चाचा महताब लाल (60 वर्ष) पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने चाचा का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

बचाने आई चाची पर भी जानलेवा हमला 

जब महताब लाल की पत्नी शकली देवी अपने पति को बचाने के लिए दौड़ीं, तो आरोपी मंजय ने उन पर भी रहम नहीं किया। उसने उन पर भी हथियार से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महताब लाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शकली देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई और दहशत का माहौल 

मृतक की बेटी के अनुसार, उसके चचेरे भाई ने ही इस जघन्य कांड को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बराटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

पुलिस आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

Report - Rishav kumar