वैशाली में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़: हरियाणा से पिस्टल खरीदने पहुंचे 2 तस्करों समेत 5 गिरफ्तार

हरियाणा से पिस्टल खरीदने पहुंचे 2 तस्करों समेत 5 गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले की गंगाब्रिज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। इनके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह गिरोह तकनीक का सहारा लेकर हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हिलालपुर चौक स्थित राजलक्ष्मी ट्रेडर्स के एक कमरे में दबिश देकर इस गिरोह को बेनकाब किया।


हरियाणा कनेक्शन

पूछताछ में खुलासा हुआ कि हरियाणा के झज्जर निवासी लोकेश कुमार का अपने गांव में कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण उसे हथियार की आवश्यकता थी। गिरफ्तार अभिषेक शुक्ला का भाई हरियाणा में नौकरी करता है, जिसके जरिए लोकेश का संपर्क बिहार के तस्करों से हुआ। 45 हजार रुपये में एक देसी पिस्टल का सौदा तय किया गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि हथियार का चयन और सौदा वीडियो कॉल के माध्यम से किया गया, जिसके बाद लोकेश को हथियार की डिलीवरी लेने के लिए बिहार बुलाया गया था।


सप्लाई चेन का खुलासा

पुलिस की जांच में मुख्य सप्लायर के रूप में राइफल उर्फ अमित कुमार (पिता शेखर राय, दिघी कला) का नाम सामने आया है। बताया गया कि अभिषेक के निर्देश पर अंकित और मुकुल ने मुख्य सप्लायर अमित से संपर्क किया था और उसी ने पिस्टल उपलब्ध कराई थी। मुकुल कुमार ने अपने कमरे पर हथियार मंगवाया था जहाँ से इसे लोकेश को सौंपा जाना था। पुलिस ने मुख्य सरगना राइफल राय के घर पर भी छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस की भनक लगते ही फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


छापेमारी के दौरान मची अफरा-तफरी

अवैध हथियारों की डील होने की सूचना मिलते ही एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में गंगाब्रिज थानाध्यक्ष के साथ एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने जब राजलक्ष्मी ट्रेडर्स के चिन्हित कमरे पर धावा बोला, तो वहां मौजूद तस्करों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर हरियाणा के लोकेश व नवीन और वैशाली के मुकुल, अंकित व अभिषेक को मौके पर ही धर दबोचा। इस संबंध में गंगाब्रिज थाना कांड संख्या 115/26 दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


अपराधिक इतिहास की तलाश

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के झज्जर का लोकेश, भिवानी का नवीन और वैशाली के विदुपुर व गंगाब्रिज क्षेत्र के तीन युवक शामिल हैं। पुलिस अब इन सभी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है, खासकर हरियाणा से आए युवकों के पिछले रिकॉर्ड की जांच के लिए वहां की स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से इलाके में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल, पुलिस फरार मुख्य सप्लायर की तलाश में तकनीकी सर्विलांस का सहारा ले रही है।


रिषभ की रिपोर्ट