Bihar Crime: जमुई में बिस्तर पर मिली लाश, तालाब किनारे घर में रहस्यमयी कत्ल से दहशत

Bihar Crime: अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात इतनी रहस्यमयी है कि सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो घर के अंदर बिस्तर पर लाश देखकर हर कोई सन्न रह गया।

तालाब किनारे घर में रहस्यमयी कत्ल- फोटो : reporter

Jamui: जिले से एक सनसनीखेज आपराधिक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खौफ और सन्नाटा फैला दिया है। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 स्थित लगमा गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात इतनी रहस्यमयी है कि सुबह जब परिजनों की नजर पड़ी तो घर के अंदर बिस्तर पर लाश देखकर हर कोई सन्न रह गया।

मृतक की पहचान लगमा गांव निवासी गणेश रावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना देर रात की है। गांव के तालाब के समीप बने अपने घर में गणेश रावत रात में सोने के लिए गए थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन किसी को क्या पता था कि रात की खामोशी में कोई खूनी साजिश पल रही है।

सुबह जब मृतक की पत्नी घर पहुंची तो उसे सबसे पहले दरवाजे की स्थिति पर शक हुआ। दरवाजा बाहर से बंद था, जिससे उसके दिल में अनहोनी की आशंका पैदा हो गई। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब वह अंदर गई तो सामने का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे के भीतर बिछावन पर गणेश रावत की लाश पड़ी थी। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना तत्काल टाउन थाना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो मौके पर पहुंचकर हर पहलू से सबूत जुटाने में लगी हुई है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गणेश रावत की हत्या किसने और क्यों की। परिजनों का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी, जिससे हत्या की वजह और भी रहस्यमयी बन गई है।

इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस खौफनाक वारदात की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहा है।

सुमित सिंह की रिपोर्ट