Bihar Crime: जहानाबाद गोलीकांड में बड़ा मोड़, मौत से पहले VIDEO में युवक ने लिया नाम, परिजनों ने पुलिस पर लगाए एकतरफा कार्रवाई के आरोप
Bihar Crime: मौत से पहले धीरज का करीब 19 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घायल अवस्था में कह रहे हैं कि...
Bihar Crime: जहानाबाद जिले में बालू के अवैध उठाव को लेकर छिड़ी वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। हुलासगंज थाना क्षेत्र के चैती पिपरा के पास फल्गु नदी घाट शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों ने हथियार निकाल लिए और कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इस खूनी संघर्ष में सात लोगों को गोली लगी, जबकि एक युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत, अफरा-तफरी और तनाव का माहौल कायम है।
मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है। उनके सीने में गोली लगी थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत से पहले धीरज का करीब 19 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घायल अवस्था में पर कह रहे हैं कि चैती पिपरा से लौटने के दौरान विजय और उसके भाई ने उन्हें गोली मारी। हालांकि, इस वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फल्गु नदी से बालू उठाने को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। कुछ ही मिनटों में माहौल इतना बिगड़ गया कि हथियारबंद लोग एक-दूसरे पर गोलियां बरसाने लगे। फायरिंग शुरू होते ही नदी घाट पर मौजूद मजदूर और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस वारदात में सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार, रेशम कुमार तथा गिन्जी गांव निवासी विष्णु कुमार समेत कुल सात लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फायरिंग में शामिल सभी आरोपियों और कथित बालू माफियाओं की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।