Bihar Crime News: ताजिया जुलूस में धमाके से मची अफरा-तफरी, दो लोग गंभीर घायल, परिजनों ने गोली-छर्रे का लगाया आरोप, पुलिस बोली-पटाखे से हुए जख्मी
Bihar Crime News: अचानक हुए तेज धमाके के बाद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया...
Bihar Crime News: कैमूर के मोहनिया में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान कैमूर जिले के मोहनिया नगर के स्टूवरगंज मोहल्ले में शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि एक संदिग्ध घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए तेज धमाके के बाद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान स्टूवरगंज निवासी कुंदन सेठ और 16 वर्षीय मुस्कान खातून के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपने घर की छत से ताजिया जुलूस देख रहे थे, तभी नीचे से तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही क्षणों में दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि दोनों गोली या छर्रे लगने से घायल हुए हैं, जबकि उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमला किस ओर से हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और एसडीपीओ गोपाल कृष्ण पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों लोग किसी पटाखे की चपेट में आने से घायल हुए हैं। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए गोली या छर्रे के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और पुलिस हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है।
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि मुस्कान खातून की आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुंदन सेठ के होंठ में गहरा घाव है। दोनों की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। फिलहाल क्षेत्र में शांति कायम है और पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है।
रिपोर्ट- देवव्रत तिवारी