Bihar Crime: कैमूर में रील के लिए खुलेआम लहराया तमंचा, वायरल वीडियो से पुलिसिया इकबाल पर उठे सवाल
Bihar Crime:एक युवक का कथित तौर पर तमंचा लहराते हुए रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Bihar Crime: बिहार में अपराध पर लगाम कसने और एनकाउंटर के जरिए अपराधियों में खौफ पैदा करने के सरकारी दावों के बीच कैमूर जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहनिया थाना क्षेत्र के भोखरी गांव में एक युवक का कथित तौर पर तमंचा लहराते हुए रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 26 जून का है, जिसमें एक युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि जब पुलिस लगातार गश्त और सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, तब ऐसे हथियार खुलेआम लोगों तक कैसे पहुंच रहे हैं और उनका सार्वजनिक प्रदर्शन कैसे हो रहा है।
वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। इस मामले में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ गया है। गुप्तचरों और चौकीदारों की मदद से वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पहचान होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर पुलिस की कार्रवाई अक्सर वीडियो वायरल होने के बाद ही क्यों शुरू होती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती बरती जाए तो सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वैध है या अवैध। जांच के निष्कर्ष के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।
रिपोर्ट- देव व्रत तिवारी