Bihar Crime: बिहार में बीच चौराहे पर बवाल, शराबी की गिरफ्तारी के बाद पत्नी-बेटी का पुलिस से भिड़ंत, ये कैसी शराबबंदी?

Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी है, लेकिन शराब को लेकर लोग पुलिस से भिड़ने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ...

बिहार में बीच चौराहे पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में पूर्ण शराबबंदी है, लेकिन शराब को लेकर  कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बंगाल बॉर्डर से सटे कटिहार के बलरामपुर थाना क्षेत्र के पंचरा गांव के पास शराब के नशे में धुत एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो मामला अचानक सरेआम सड़क पर हंगामे में तब्दील हो गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की पत्नी और बेटी भेलाई चौक पर पुलिस टीम से ही उलझ पड़ीं और देखते ही देखते माहौल गरमा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शराबी को हिरासत में लेते ही उसकी पत्नी और बेटी ने पुलिस पर इल्ज़ामों की बौछार शुरू कर दी। बात बढ़ी तो धक्का-मुक्की तक जा पहुंची। बीच सड़क पर पुलिस और महिलाओं के बीच हाथापाई जैसे हालात बन गए। चौक पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिलाएं पुलिसकर्मियों को धक्का देती नजर आ रही हैं और आसपास भीड़ जमा है। कुछ लोग तमाशबीन बने रहे तो कुछ ने बीच-बचाव की कोशिश की। हालात बेकाबू होते देख थाने से अतिरिक्त बल बुलाया गया। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया, तब जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने आरोपी शराबी को सुरक्षित थाने पहुंचा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस से धक्का-मुक्की के मामले में भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और तूल दे दिया है। कानून के रखवालों के साथ सरेआम धक्का-मुक्की ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या नशे और आक्रोश के नाम पर कानून हाथ में लेने की इजाजत दी जा सकती है? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह