Bihar Crime: पिस्तौल निकाली और चला दी गोली,बुजुर्ग महिला और मासूम बच्ची लहूलुहान, इलाके में दहशत
Bihar Crime: एक मामूली विवाद ने उस वक्त खौफनाक वारदात का रूप ले लिया, जब गुस्से में बौखलाए एक शख्स ने सरेआम फायरिंग कर दी। ...
Bihar Crime: एक मामूली विवाद ने उस वक्त खौफनाक वारदात का रूप ले लिया, जब गुस्से में बौखलाए एक शख्स ने सरेआम फायरिंग कर दी। इस गोलीकांड में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के भौगांव की है।
घटना के मुताबिक, घायल जानकी देवी के पुत्र बबलू कुमार सिंह ने बताया कि वह अपने भतीजे के साथ मेला देखकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान भौगांव के पास एक साइकिल सवार से हल्की टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तकरार शुरू हो गई। मामला अभी बोलचाल तक ही सीमित था कि अचानक हालात बिगड़ने लगे।
विवाद की खबर सुनकर जानकी देवी और करीब 12 वर्षीय अनुष्का कुमारी भी मौके पर पहुंच गईं। इसी बीच गांव का ही रहने वाला सुनील शाह वहां आ धमका और गाली-गलौज करते हुए माहौल को और गरमा दिया। जब परिजनों ने उसका विरोध किया, तो वह आग-बबूला हो उठा और कमर से पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस फायरिंग में एक गोली जानकी देवी के कमर में जा लगी, जबकि दूसरी गोली मासूम अनुष्का के कमर के नीचे जा धंसी। गोली लगते ही दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक आरोपी नौ-दो ग्यारह हो चुका था। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में खौफ और तनाव का माहौल कायम है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज शूटआउट के आरोपी को जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह