Bihar Crime: बिहार में दिनदहाड़े वकील का मर्डर,बीच चौक पर अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: बिहार में दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।...

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद है। बदमाश एक केो बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला कटिहार का है , जहां  नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक पर दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने वकील को निशाना बनाकर गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान गुड्डू अंसारी के रूप में बताई जा रही है। वह नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर के रहने वाले बताए गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वारदात के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा सकती है, ताकि अपराधियों की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी सामने आ सके। हत्या के बाद पुलिस ने इलाके में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात ने कटिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। हत्या की असल वजह क्या थी, अपराधी कितने थे और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इन तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह