Bihar Crime: पोते की मौत का बदला लेने के लिए पुजारी की बेरहमी से हत्या, जादू-टोने के शक में काटी जीभ, षड़यंत्र जान हिल जाएंगे आप

Bihar Crime: कटिहार के आजमनगर में पुजारी हीरालाल मंडल की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। पोते की मौत के शक में जादू-टोने को लेकर हत्या की साजिश रचने का आरोप, एक गिरफ्तार और दो की तलाश जारी।

पोते की मौत का बदला लेने के लिए पुजारी की बेरहमी से हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: कटिहार जिले में पुजारी हीरालाल मंडल की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पोते की मौत के लिए पुजारी को जिम्मेदार मानने के शक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी को संदेह था कि पुजारी जादू-टोना और तंत्र-मंत्र जानते थे तथा उन्हीं के कथित जादू-टोने की वजह से उसके पोते की जान चली गई। इसी अंधविश्वास, पुरानी रंजिश और बदले की भावना ने एक बुजुर्ग पुजारी की जान ले ली।

पूरा मामला कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खारसोता गांव का है। बीते 2 नवंबर को पुजारी हीरालाल मंडल की बेरहमी से हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया था। हत्यारों ने पहले उनका गला घोंटा, फिर आंखों में उंगलियां डालकर और चाकू से वार कर उन्हें प्रताड़ित किया। इसके बाद उनकी जीभ काट दी गई। वारदात की भयावहता से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया था।घटना के बाद कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान गांव के ही अनंतलाल मंडल के साथ मृतक की पुरानी रंजिश और विवाद का पता चला। पुलिस ने संदेह के आधार पर अनंतलाल मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनंतलाल मंडल को शक था कि पुजारी हीरालाल मंडल ने जादू-टोना कर उसके पोते की जान ले ली है। इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने दो बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसने जीव के बदले जीभ काटकर बदला लिया। झाड़-फूंक और अनुष्ठान से जुड़ी इसी अंधविश्वासी सोच के चलते हत्या को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया।

मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति रोजाना की तरह रविवार को भी लोहा पुल के नजदीक स्थित मंदिर के पास भजन-कीर्तन करने गए थे। रविवार की रात से ही वह लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह ग्रामीणों से श्मशान घाट में शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मामले का खुलासा करते हुए बारसोई के एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुजारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अनंतलाल मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में तीन लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी के दोनों बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस हत्याकांड ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और जादू-टोने के नाम पर होने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज शक और बदले की भावना में एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले लेना बेहद चिंताजनक है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।