Bihar Pakadwa Vivah: हथियार की नोक पर विवाह! बिहार में पकड़ौआ शादी का खेल वायरल, कानून को दिखाई गई ठेंगा

Bihar Pakadwa Vivah: बिहार में क़ानून के राज की हकीकत एक बार फिर बेनकाब हो गई है।....

बिहार में पकड़ौआ शादी का खेल - फोटो : social Media

Bihar Pakadwa Vivah: बिहार में क़ानून के राज की हकीकत एक बार फिर बेनकाब हो गई है। खगड़िया जिले से सामने आए ‘पकड़ौआ शादी’ के इस मामले ने न सिर्फ़ पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में जड़ जमाए उस अपराधी परंपरा को भी उजागर किया है, जो आज भी बंदूक, दबंगई और साज़िश के सहारे रिश्ते तय करती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।

डुमरिया खुर्द गांव निवासी मन्नयम कुमार का आरोप है कि उसे गाय दिखाने के बहाने बुलाया गया और फिर साज़िश के तहत अगवा कर लिया गया। पीड़ित के मुताबिक, गांव के ही कमल कुमार राय उसे कन्हैयाचक गांव ले गया। वहां से उसे अलग-अलग गांवों में घुमाते हुए सिराजपुर पहुंचाया गया। यहीं से कहानी ने जुर्म का रंग ले लिया। मोबाइल चार्ज कराने के बहाने उससे फोन छीना गया और जब घर लौटने की बात कही, तो 3-4 लोगों ने उसे घेर लिया।

पीड़ित का कहना है कि इसके बाद हथियार लहराए गए, धमकियों की बौछार हुई और “शादी करो या अंजाम भुगतो” का फरमान सुना दिया गया। इंकार करने पर मारपीट की गई। रात के अंधेरे में, खौफ और खून के साये तले उसकी जबरन शादी कुंदन कुमारी से करा दी गई। यह शादी कम और अपराध का तमाशा ज़्यादा थी।

हालांकि, इस सियाह कहानी में एक और मोड़ है। पीड़ित के परिजनों को जब भनक लगी, तो पुलिस हरकत में आई और युवक को मुक्त कराया गया। मन्नयम कुमार ने परबत्ता थाने में लिखित शिकायत देकर अपहरण, मारपीट और जबरन विवाह का संगीन आरोप लगाया है।

उधर, लड़की पक्ष पूरे मामले को सिरे से खारिज कर रहा है। उनका कहना है कि यह पकड़ौआ शादी नहीं, बल्कि आपसी रजामंदी से हुआ विवाह है। लड़की का दावा है कि लड़के का पहले से उनके घर आना-जाना था और थाने में दिया गया आवेदन बहनोई के दबाव में लिखा गया है।

अब सवाल यह है कि सच क्या है बंदूक की नोक पर बंधा रिश्ता या रजामंदी की आड़ में गढ़ी गई कहानी? फिलहाल पुलिस ने युवक की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मगर बिहार में पकड़ौआ शादी का यह खेल कब रुकेगा, यह सवाल अब भी कानून की फाइलों में ही कैद है।