Bihar Crime: लखीसराय में सचिन हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, वजह जान कर कांप जाएंगे आप
Bihar Crime: सचिन कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।...
Lakhisarai: कबैया थाना क्षेत्र में युवक सचिन कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में सोनम देवी, उसके पति निलेश कुमार, निलेश के पिता पंकज सिंह और शव को ठिकाने लगाने में कथित रूप से सहयोग करने वाला रंजय कुमार शामिल है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद मनीष कुमार अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
सचिन कुमार बुधवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच गुरुवार को कबैया थाना क्षेत्र के मकुना इलाके में झाड़ियों के पास बोरे में बंद एक शव मिलने से सनसनी फैल गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। बाद में मृतक की पहचान बाईपास रोड-पचना रोड क्षेत्र निवासी लखन यादव के 29 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पिता के बयान पर कबैया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसमें सोनम देवी, उसके पति निलेश कुमार और मनीष कुमार को नामजद किया गया था।पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि सोनम देवी और निलेश कुमार शहर के गोसाई टोला स्थित एक किराए के मकान में रहते थे। सचिन का भी वहां आना-जाना था। प्राथमिकी में सचिन और सोनम के बीच कथित संबंध तथा पैसों के लेन-देन को विवाद की वजह बताया गया है।आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सचिन को किराए के मकान में बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका पुलिस की विस्तृत जांच का विषय है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सचिन के शव को बोरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद बाइक के जरिए शव को मकुना इलाके में ले जाया गया और सुनसान स्थान पर झाड़ियों के पास फेंक दिया गया।वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए जांच को आगे बढ़ाया और संदिग्धों तक पहुंची।
तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोनम देवी, निलेश कुमार, पंकज सिंह और रंजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई थी।वहीं, मामले में नामजद मनीष कुमार पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
कबैया थाना पुलिस इस हत्याकांड की जांच में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को अहम आधार बना रही है। वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही बाइक और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।पुलिस अब हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच का फोकस इस बात पर है कि सचिन की हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, वारदात में किसकी क्या भूमिका रही और शव को ठिकाने लगाने की योजना में कौन-कौन शामिल था।चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से हत्याकांड के कई और राज खुल सकते हैं। वहीं फरार मनीष की गिरफ्तारी के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।
रिपोर्ट- कमलेश कुमार