एलपीजी सिलेंडर चोर गैंग ने उड़ाए होश, दिनदहाड़े घरों से उठा लेता है, CCTV ने खोला राज

LPG cylinder theft gang - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के कटिहार जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े भी चोरी की वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित गांधी नगर में एक घर से गैस से भरा एलपीजी सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, घटना नगर थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी, गांधी नगर की है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक पहले घर के बाहर सड़क पर कुछ देर तक खड़ा रहता है और आसपास का जायजा लेता है। जब उसे यकीन हो जाता है कि कोई उसे देख नहीं रहा है, तब वह घर के अंदर प्रवेश करता है।


इसके बाद आरोपी घर के आंगन में रखे गैस से भरे एलपीजी सिलेंडर को उठाता है और आराम से मौके से फरार हो जाता है। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी जाती है। चोरी की इस घटना के दौरान आसपास किसी को भनक तक नहीं लगती।


घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह घर में घुसकर चोरी की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


फिलहाल पुलिस वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

श्याम की रिपोर्ट