पटना के अपार्टमेंट में बड़ी चोरी, चार चोरों ने दो फ्लैटों से उड़ाए 10 लाख के गहने-कैश

चोरी की इस वारदात का खुलासा होने के बाद अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। दोनों फ्लैटों में सामान बिखरा मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर 10 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और कैश लेकर फरार हुए हैं।

Patna Theft News- फोटो : news4nation

Bihar News :   राजधानी पटना में चोरों के हौसले बुलंद हैं। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यहां चार शातिर चोरों ने अपार्टमेंट के दो फ्लैटों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है।


मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने प्रकाशपुंज अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 और 103 को निशाना बनाया। चार चोरों ने दोनों फ्लैटों के दरवाजों का ताला काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से वहां से निकल गए।


दो फ्लैटों के टूटे ताले, लाखों की संपत्ति गायब

चोरी की इस वारदात का खुलासा होने के बाद अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। दोनों फ्लैटों में सामान बिखरा मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर 10 लाख रुपये से अधिक के आभूषण और कैश लेकर फरार हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है।


मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपार्टमेंट में हुई चोरी के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चार चोरों द्वारा मिलकर वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


राजधानी के रिहायशी अपार्टमेंट में एक साथ दो फ्लैटों में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी करना चुनौती है।
अनिल की रिपोर्ट