निगरानी की बड़ी कार्रवाई : पंचायत रोजगार सेवक को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे महाअभियान के तहत निगरानी की टीम ने आज एकबार फिर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी ने मुजफ्फरपुर में एक पंचायत सेवक को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिफ्तार किया है....
Patna : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने आज दिनांक 15 जुलाई 2026 को सकरा थाना क्षेत्र के सबहा चौक स्थित पी.आर. मार्ट से पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार को 20,000 रुपये (बीस हजार) की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जितेन्द्र कुमार सकरा प्रखंड के सिराजाबाद पंचायत में कार्यरत हैं।
मनरेगा कार्य के एवज में मांगी थी घूस
यह पूरी कार्रवाई सिराजाबाद के वर्तमान वार्ड सदस्य (वार्ड नं-11) आदित्य कुमार, पिता- तपेश्वर साह की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता आदित्य कुमार ने निगरानी विभाग में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार द्वारा उनके वार्ड में मनरेगा (MGNREGA) से संबंधित विकास कार्य कराने के बदले में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत का सत्यापन और जालसाजी का खुलासा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को जब शिकायत मिली, तो विभाग ने सबसे पहले मामले की सत्यता जांचने के लिए गुप्त सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी रोजगार सेवक द्वारा रिश्वत मांगे जाने का पुख्ता प्रमाण मिला। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद 14 जुलाई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या- 0-083/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
डीएसपी विकास कुमार के नेतृत्व में छापेमारी
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद अनुसंधानकर्ता और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के वरीय पुलिस उपाध्यक्ष (डीएसपी) विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने सकरा के सबहा चौक पर पीड़ित से 20,000 रुपये रिश्वत ली, वैसे ही धावा दल ने उसे दबोच लिया।
विशेष न्यायालय में पेशी और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो के अनुसार, पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी के माननीय विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस पूरे मामले में अग्रतर अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।
रंजीत की रिपोर्ट