नवादा में दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या, मासूम बच्ची के सिर से उठा मां का साया

Bihar Crime : सख्त कानून के बावजूद दहेज के लिए हत्या का मामला थमने का नाम नही ले रहा। नवादा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई है। सबसे बड़ी दुखद बात यह है कि इस घटना में डेढ़ साल की बच्ची से मां का गोद छिन गया है...

दहेज के लिए विवाहिता की हत्या- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से दहेज हत्या की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रजौली प्रखंड के डुमरकोल गांव में 30 वर्षीय खुशबू कुमारी की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जहां पूरे गांव में मातम पसरा है, वहीं खुशबू की महज डेढ़ साल की मासूम बच्ची हमेशा के लिए अपनी मां के आंचल से वंचित हो गई है।


शादी के बाद से ही मिल रही थी प्रताड़ना 

मृतका खुशबू कुमारी की शादी वर्ष 2023 में गया जिले के टनकूपा क्षेत्र के रहने वाले रोहित कुमार (पिता सरयू सिंह) के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के वक्त अपनी सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज देने के बावजूद, ससुराल वाले खुशबू को और अधिक दहेज लाने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। रविवार देर शाम पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया।


फोन पर रोते हुए मांगी थी मदद 

मृतका के भाई साहिल कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे खुशबू ने उसे फोन किया था। वह फोन पर रो रही थी और उसने अर्जेंट 5 हजार रुपये की मांग की थी। खुशबू ने फोन पर अपनी जान को खतरा होने की बात भी साझा की थी, लेकिन भाई के कुछ समझ पाने या मदद करने से पहले ही चंद घंटों के भीतर उसकी मौत की खबर आ गई। इस कॉल ने ससुराल वालों की बर्बरता की आशंका को और पुख्ता कर दिया है।


पति समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज 

रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर पति रोहित कुमार, सास, ससुर, ननद और देवर सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं।


आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी 

घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना समाज में व्याप्त दहेज प्रथा जैसी कुरीति के खौफनाक परिणामों को एक बार फिर से बेनकाब करती है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट