Bihar Crime: कुख्यात नरेश पांडेय के ठिकाने पर रेड, 16 लाख कैश और हथियार के साथ नोट गिनने की मशीन ज़ब्त, मोतिहारी में खाकी का बड़ा एक्शन

Bihar Crime: पुलिस ने एक खूंखार और शातिर जरायमपेशा के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कामयाब कार्रवाई को अंजाम दिया है। ...

कुख्यात के ठिकाने पर रेड- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पुलिस कप्तान  स्वर्ण प्रभात के सख्त निर्देशों पर मोतिहारी पुलिस ने एक खूंखार और शातिर जरायमपेशा के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कामयाब कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरे इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के मुताबिक, एसपी के हुक्म पर मुस्तैद हुई पुलिस टीम की कमान खुद एक प्रशिक्षु डीएसपी  संभाल रहे थे। पुलिसिया दस्ते ने पुख्ता सूचना के आधार पर छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया इलाके में तड़के सुबह घेराबंदी की। यह ठिकाना इलाके के कुख्यात और वांछित अपराधी नरेश पांडेय का था। पुलिस ने जब इस ठिकाने पर अचानक धावा बोला, तो वहां का मंजर देखकर खुद जांच करने वाली टीम के भी होश उड़ गए।

इस कामयाब रेड के दौरान पुलिसिया अमले ने नरेश पांडेय के इस गुप्त ठिकाने से भारी तादाद में अवैध सामान और काली कमाई का जखीरा बरामद किया है। ज़ब्त किए गए सामानों की फेहरिस्त में तकरीबन 16 लाख रुपये के भारतीय नोट और भारी मात्रा में नेपाली करेंसी,एक लोडेड कट्टा और 6 जिंदा कारतूस , शराब की कई बोतलें और नोटों का अंबार लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एक डिजिटल नोट गिनने की मशीन, भारी मात्रा में सोने-चांदी के कीमती आभूषण और दो दर्जन (24) से ज्यादा जमीनों के संदिग्ध दस्तावेज़ मिले हैं

पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान मौके से नरेश पांडेय के एक बेहद करीबी और खासमखास गुर्गे उज्जवल कुमार को दबोच लिया है। हालांकि, मुख्य सरगना नरेश पांडेय पुलिस की भनक लगते ही फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस महकमे के मुताबिक, इस कुख्यात अपराधी के खिलाफ पहले से ही कत्ल , रंगदारी और लूट जैसे संगीन धाराओं में 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि उज्जवल से कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिससे इस गैंग के कई और बड़े राज़ फाश होने की उम्मीद है। वहीं, फरार नरेश पांडेय को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर मुस्तैदी से दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द वह भी कानून के शिकंजे में होगा।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार