Bihar Crime:स्कूल की रसोइया निकली तस्कर, डेढ़ किलो अफीम के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

Bihar Crime: पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी का सनसनीखेज खुलासा किया है।...

स्कूल की रसोइया निकली अफीम तस्कर- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी का सनसनीखेज खुलासा किया है। घोड़ासहन बस स्टैंड के पास पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने डेढ़ किलो अफीम के साथ एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार महिला सरकारी स्कूल में रसोइया के तौर पर काम करती थी।

पुलिस के मुताबिक, सिकरहना डीएसपी उदय शंकर को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त अभियान चलाया और बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर दोनों तस्करों को दबोच लिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान सुदामा देवी उर्फ सुदामी देवी के रूप में हुई है, जो झरोखर थाना क्षेत्र के आठमुहान गांव की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने उनके पास से करीब 1.5 किलोग्राम अफीम बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तस्कर नेपाल से अफीम की खेप लाकर उसे पंजाब भेजने की तैयारी में थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। खासकर सरकारी स्कूल में कार्यरत रसोइया के अफीम तस्करी में शामिल होने की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय और सीमा पार तस्करों से जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार