Bihar Crime: पहले रेकी फिर चोरी, साइकिल चोर की हरकत कैमरे में कैद, पुलिस CCTV से तलाश में जुटी

Bihar Crime: साइकिल चोरी की एक वारदात सामने आई है, जिसका पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। ...

साइकिल चोर की हरकत कैमरे में कैद- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुंगेर के जमालपुर शहर से साइकिल चोरी की एक वारदात सामने आई है, जिसका पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चोर पहले मौके की रेकी करता है और फिर आसानी से साइकिल लेकर फरार हो जाता है।

पूरा मामला जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक के सामने का है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति बैंक के बाहर अपनी साइकिल खड़ी कर काम से अंदर गया था, लेकिन लापरवाही में वह साइकिल लॉक करना भूल गया।

इसी दौरान पीले टी-शर्ट में एक युवक वहां पहुंचा। उसने कुछ देर तक आसपास की स्थिति का मुआयना किया, साइकिल और अन्य वाहनों को ध्यान से देखा और जब उसे एक साइकिल बिना लॉक के मिली तो मौका देखकर उसे लेकर फरार हो गया।

जब पीड़ित व्यक्ति वापस लौटा तो साइकिल गायब थी। इसके बाद उसने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान