Bihar Terror Plot Pakistan Link: सीएम सम्राट के गृह जिले में आतंकी वारदात को पुलिस ने किया नाकाम, पाकिस्तानी नेटवर्क का पर्दाफाश, सद्दाम को पुलिस ने दबोचा, बड़ी साजिश की जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

Bihar Terror Plot Pakistan Link: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विधानसभा क्षेत्र से सीमा पार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

सीएम सम्राट के गृह जिले में पाकिस्तानी आतंकी वारदात को पुलिस ने किया नाकाम- फोटो : reporter

Bihar Terror Plot Pakistan Link: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विधानसभा क्षेत्र से सीमा पार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा हुआ है।  मुंगेर पुलिस ने एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए सीमा पार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के शक में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर राणा भाई नामक एक पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में था और अपने दो साथियों के साथ किसी बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रचने की तैयारी कर रहा था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी शुरुआती दौर में है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, तारापुर थाना क्षेत्र के मिलिक थानपुर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी की गई। इस दौरान मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के वक्त आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था और उसने झाड़ियों में एक देसी पिस्तौल छिपा दी थी, जिसे बरामद कर लिया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि सद्दाम पिछले दो-तीन वर्षों से मुंबई में रह रहा था। जांच में पुलिस को उसके मोबाइल से कुछ पाकिस्तानी नंबरों और सोशल मीडिया के जरिए संदिग्ध संपर्कों के सुराग मिलने का दावा किया गया है। इन्हीं इनपुट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी साजिश की तैयारी में जुटा था। फिलहाल दोनों संदिग्ध सहयोगी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3)(5) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।मुंगेर पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी के कथित संपर्क कितने व्यापक थे और किसी बड़ी साजिश की आशंका कितनी ठोस थी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।


रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान