Bihar Crime: पानी के विवाद में रिश्तों का कत्ल,भाभी को गोली मारकर फरार हुआ देवर, गांव में दहशत का माहौल

Bihar Crime: नल के पानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए और पूरा इलाका गोलियों की आवाज से थर्रा उठा।...

पानी के विवाद में रिश्तों का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime: नल के पानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए और पूरा इलाका गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तौफीर गांव में मामूली सा दिखने वाला घरेलू विवाद अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। 

जानकारी के मुताबिक, चुन चुन यादव और चौबे यादव के परिवारों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। लेकिन हाल के दिनों में घर के बाहर लगे नल के पानी के बहाव को लेकर विवाद ने आग पकड़ ली थी। बीती रात भी दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई थी, जिसमें माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था, हालांकि उस वक्त ग्रामीणों और परिजनों की दखल से मामला शांत करा दिया गया था।

लेकिन सुबह होते ही यह रंजिश फिर भड़क उठी। आरोप है कि चौबे यादव के पुत्र गोविंदा और नीतीश ने पहले अपने ही चचेरे भाई को निशाना बनाते हुए गोली चला दी, हालांकि वह किसी तरह बाल-बाल बच गया। इसके बाद दरवाजे पर खड़ी चांदनी देवी, जो चिंटू यादव की पत्नी हैं, को भी गोलियों से छलनी करने की कोशिश की गई। एक गोली उनके कंधे में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

घायल महिला को आनन-फानन में परिजनों द्वारा मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि यह सब पुरानी रंजिश और आपसी तनाव का नतीजा है, जिसने आज एक मासूम महिला की जान को खतरे में डाल दिया। वहीं पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जरा सी अनदेखी और आपसी वैमनस्य कैसे रिश्तों को खून-खराबे में बदल देता है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान