Bihar Crime: सोशल मीडिया ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड में दबोचे गए दो शूटर, नेपाल भागने से पहले मुजफ्फरपुर में शिकंजा

Bihar Crime: पूर्णिया जिले में चर्चित सोशल मीडिया ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड में पुलिस को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिल गई है।....

ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड में दबोचे गए दो शूटर- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्णिया जिले में चर्चित सोशल मीडिया ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड में पुलिस को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिल गई है। जुर्म की इस स्याह कहानी में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपी मुजफ्फरपुर में कानून से आंख-मिचौली खेल रहे थे, लेकिन पुलिस की पुख्ता मुखबिरी और फुर्तीली कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

मामला तब खुला जब ब्रह्मपुरा थानेदार विजयलक्ष्मी को पुख्ता सूचना मिली कि सूरज बिहारी हत्याकांड के आरोपी आदित्य उर्फ आयुष ठाकुर और ऐशु सिंह मुजफ्फरपुर में छिपे हुए हैं और नेपाल फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थानेदार ने बिना वक्त गंवाए स्पेशल टीम बनाई और शहर के बस स्टैंड इलाके में छापेमारी का जाल बिछा दिया। जैसे ही दोनों आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के वक्त दोनों के चेहरों पर खौफ और हड़बड़ी साफ झलक रही थी।

पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई, वह सोशल मीडिया की सनक और शोहरत की आग में झुलसी हुई है। बताया जा रहा है कि सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स की संख्या को लेकर ब्लॉगर सूरज बिहारी और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई थी। मामूली नोकझोंक देखते ही देखते अदावत और दुश्मनी में बदल गई। इसी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप लिया कि चर्चित ब्लॉगर सूरज बिहारी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।

यह हत्याकांड इलाके में उस वक्त सनसनी बन गया था। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाला सूरज बिहारी युवाओं के बीच जाना-पहचाना चेहरा था, लेकिन डिजिटल शोहरत की जंग ने उसकी जिंदगी छीन ली। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूर्णिया पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां अब उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था और वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा